
गुरुआस्था न्यूज़
नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई : बिलासपुर में आज रात से भारी वाहनों की प्रवेश बंद,3 दिन बाद मिलेगी होली में पकड़ी गई गाड़ी
बिलासपुर – होलिका दहन की शाम से लेकर पर्व के के दौरान नशे की हालत में गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनकी गाड़ी को जब्त कर कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा और तीन दिन बाद ही उनकी गाड़ी मिल सकेगी। उनके मामलों का निपटारा होली पर्व के बाद ही किया जाएगा। होली पर्व पर यातायात व्यवस्था बनाने के लिए गुरुवार रात 10 बज से 20 मार्च की रात 10 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों को बाइपास मार्ग से आना-जाना करना होगा। उन पर नजर रखने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग का इंतजाम किया गया है।
होली पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए पुलिस अफसरों ने बैठक ली है। इसके साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्र में भी थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठक लेकर कानून व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। होली पर्व के दौरान राजपत्रित अफसरों के साथ ही राजस्व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही शहर के अलग-अलग जोन में बांटा गया है। पर्व में हुड़दंगियों की धरपकड़ करने के लिए थानों को लाइन से अतिरिक्त बल मुहैया कराई गई है।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रोहित बघेल ने बताया कि पर्व में यातायात व्यवस्था सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस की ओर से होली के दौरान हाईवे में गश्त कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि 17 मार्च की रात 10 बजे से 20 मार्च की रात 10 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इस दौरान रायपुर से कोरबा की ओर जाने वाले वाहन पेंड्रीडीह बाइपास से आना-जाना करेंगे।
पुलिस की धरपकड़ तेज, 11 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
सरकंडा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि होली पर्व और शबे बारात के पूर्व शांति समिति की बैठक लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी दी गई है। इधर, देर रात तक शहर में घूमने वालों की धरपकड़ भी की जा रही है। बुधवार को सरकंडा पुलिस ने सार्वजिनक स्थानों पर घूमने वाले असामाजिक तत्वों की धरकपड़ की। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से 11 युवकों को पकड़ा है, जिनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।