
गुरुआस्था न्यूज़
गर्ल्स कॉलेज में होली पर हंगामा : प्राचार्य ने कॉलेज कैंपस में रंग-गुलाल उड़ाने किया मना,छात्राओं ने जमकर मचाया हंगामा किये नारेबाजी ,
बिलासपुर – गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने सोमवार को जमकर हंगामा मचाया और नारेबाजी की। उन्होंने प्राचार्य पर कॉलेज में होली नहीं खेलने देने का आरोप लगाया और धरने में बैठकर नारेबाजी भी की। इधर, प्राचार्य ने कहा कि छात्राएं होली खेल रही थीं। रंग और गुलाल उड़ा रहे थे, जब बाहरी लड़के-लड़कियों को बुलाया गया, तब उन्होंने स्टूडेंट्स को ऐसा करने के लिए मना किया।
होली पर्व नजदीक आते ही होली का माहौल शुरू हो गया है। स्कूल-कॉलेजों में भी स्टूडेंट्स होली के मूड में आ गए हैं। सोमवार को बिलासा गर्ल्स कॉलेज की छात्राएं रंग-गुलाल लेकर कॉलेज पहुंची थीं। पढ़ाई छोड़कर स्टूडेंट्स कॉलेज परिसर में रंग गुलाल उड़ा रहीं थीं। देखते ही देखते कुछ ही देर में कॉलेज परिसर रंग और गुलाल से सराबोर हो गया। छात्राओं ने बाहरी लड़कों और लड़कियों को भी गुलाल खेलने के लिए बुला लिया। इसकी जानकारी प्राचार्य ज्योतिरानी सिंह को मिली, तब उन्होंने छात्राओं को कॉलेज कैंपस में रंग-गुलाल उड़ाने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर छात्राएं धरने पर बैठ गईं और कॉलेज कैंपस में नारेबाजी करते हुए हंगामा मचाना शुरू कर दिया।
हर साल मनाते हैं होली
छात्राओं का कहना है कि कॉलेज में प्रतिवर्ष होली के पूर्व एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर उत्सव मनाती हैं। कॉलेज में यह परंपरा कई साल से चल रही है। कोरोनो के चलते उन्होंने खुद से रंग गुलाल लगाना बंद कर दिया था। अभी तक किसी भी प्राचार्य ने इसका विरोध नहीं किया। लेकिन, पहली बार किसी प्राचार्य ने उन्हें रोका है।
रिवर व्यू चली गई छात्राएं
कॉलेज परिसर में धरना देने और नारेबाजी करने के बाद भी जब बात नहीं बनी, तब छात्राएं वहां से उठकर होली मनाने रिवर व्यू रोड चली गई। वहां उन्होंने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली मनाई।