विवादित रास्ता खोलने पर विजयपुरम वासियों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा, पढ़ें पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

गुरुआस्था समाचार

विवादित रास्ता खोलने पर विजयपुरम वासियों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा  

बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में विजयपुरम फेस 1 के पीछे की दीवार को नगर निगम कर्मचारियों द्वारा तोड़कर रास्ता खोलने से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। इस संबंध में निवासियों ने जिलाधीश  को एक ज्ञापन सौंपा। निवासियों का आरोप है कि यह रास्ता खोलकर चोटीडीह के अटल आवास का मार्ग विजयपुरम फेस 1 के पीछे से जोड़ दिया गया है, जिससे उनकी सुरक्षा और शांति भंग हो रही है।

निवासियों ने बताया कि पहले इस दीवार की आड़ में उनकी कॉलोनी सुरक्षित थी। रास्ता खुलने के बाद अज्ञात और असामाजिक तत्वों का प्रवेश बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में चोरी और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। साथ ही उन्होंने नगर निगम पर आरोप लगाया कि उनकी ओर से कोई उचित कार्रवाई या विचार-विमर्श किए बिना ही दीवार तोड़ दी गई।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया और दीवार का पुनर्निर्माण नहीं हुआ, तो निवासी मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा दिए गए आश्वासनों का अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है।

इस घटना से विजयपुरम फेस 1 के निवासी भयभीत और असंतुष्ट हैं। उन्होंने यह मांग की है कि नगर निगम तत्काल प्रभाव से इस रास्ते को बंद करे और दीवार का पुनर्निर्माण सुनिश्चित करे। साथ ही, निवासियों ने अटल आवास के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाए जाने की भी मांग की है ताकि उनकी सुरक्षा बनी रहे।

ज्ञापन में मुख्य रूप से कई निवासियों ने हस्ताक्षर किए, जिसमें कविता मेहता, सविता पांडे, सुमित गुप्ता और दीपक शुक्ला शामिल हैं। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *