
गुरुआस्था समाचार
महर्षि विद्या मंदिर पर गंभीर आर : वार्षिक परीक्षा से वंचित, टीसी भी रोकी; CM हेल्पलाइन शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मांगा जवाब
बिलासपुर – राजेंद्र नगर स्थित महर्षि विद्या मंदिर निजी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला कथित अनियमितताओं और मनमानी के आरोपों को लेकर विभाग के निशाने पर आ गई है। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बिल्हा ने विद्यालय प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत नहीं होने की स्थिति में मान्यता एवं फीस संबंधी नियमों के तहत कार्रवाई के लिए मामला उच्च कार्यालय भेजा जाएगा।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आर्थिक तंगी के कारण फीस बकाया रहने पर स्कूल प्रबंधन ने उनकी दो बेटियों को वार्षिक परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया। एक छात्रा नर्सरी और दूसरी छठवीं कक्षा में अध्ययनरत है। अभिभावक का कहना है कि किस्तों में फीस जमा करने का अनुरोध भी ठुकरा दिया गया। इसके बाद 27 जून 2026 को स्थानांतरण प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन करने पर भी बकाया फीस का हवाला देकर टीसी जारी नहीं की गई, जिससे दोनों छात्राओं का दूसरे विद्यालय में प्रवेश प्रभावित हो गया।
आरोपों को गंभीर मानते हुए बीईओ बिल्हा ने विद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि स्पष्टीकरण वैधानिक और संतोषजनक नहीं पाया गया तो शिक्षा का अधिकार आरटीई अधिनियम तथा छत्तीसगढ़ निजी विद्यालय फीस विनियमन अधिनियम-2020 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयक, राजेंद्र नगर को मौके पर जांच कर दो दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए