बाल संप्रेषण गृह में गार्ड की हत्या, चार किशोर फरार… , पढ़ें पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

 

बाल संप्रेषण गृह में गार्ड की हत्या, चार किशोर फरार… 

बिलासपुर – सरकंडा स्थित बाल संप्रेषण गृह में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। गार्ड के हाथ-पैर बंधे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या के बाद फरार होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद बाल संप्रेषण गृह से चार किशोर फरार पाए गए हैं। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फरार चारों किशोर हत्या, छेड़छाड़ और ड्रग्स से जुड़े मामलों में बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध थे। पुलिस के अनुसार सभी की पहचान कर ली गई है। इनमें रायगढ़ और कोरबा जिले के किशोर शामिल बताए जा रहे हैं। आशंका है कि फरारी के दौरान उन्होंने किसी वाहन का इस्तेमाल किया।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, एडीजे सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की प्रगति की जानकारी ली। पूरे परिसर को पुलिस ने घेराबंदी कर फोरेंसिक और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि चार किशोर इस मामले में फरार हैं और उनकी तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस को आरोपियों की पहचान स्पष्ट रूप से मिल चुकी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, गार्ड के हाथ-पैर कैसे बांधे गए, हत्या किस हथियार या तरीके से की गई तथा फरार होने की पूरी योजना पहले से बनाई गई थी या नहीं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि फरार किशोरों को बाहर से किसी प्रकार की सहायता मिली थी या नहीं। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका, प्रवेश और निकास व्यवस्था तथा सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *