मस्तूरी विधानसभा में दी विकास कार्यों की सौगात : सीपत और मस्तूरी बनेगी नगर पंचायत, पचपेड़ी में खुलेगा कॉलेज ,पढ़ें पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

गुरुआस्था समाचार

मस्तूरी विधानसभा में दी विकास कार्यों की सौगात : सीपत और मस्तूरी बनेगी नगर पंचायत, पचपेड़ी में खुलेगा कॉलेज

बिलासपुर – मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने सीपत और मस्तूरी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा भी की। इसी तरह सीपत के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन करने के साथ पचपेड़ी में नए कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं और स्वामी आत्मानंद स्कूल के बच्चों से चर्चा की और आजीविका मिशन व रीपा के कार्यों का निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहले जनपद पंचायत मस्तूरी के बेलटूकरी स्थित रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर समूह की महिलाओं से विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी ली। इस दौरान आदर्श स्व-सहायता समूह की सदस्य निर्मला पटेल ने बताया कि यहां एक महीने पूर्व शासन की मदद से तीन लाख रूपए की लागत से बेकरी यूनिट स्थापित की गई है। निर्मला ने बताया कि इस यूनिट के माध्यम से ब्रेड, केक और कुकीज़ का निर्माण कर आसपास के होटल और गांव में बिक्री करते हैं। पिछले 15 दिनों में लगभग 10 हजार के बेकरी उत्पाद की बिक्री कर चुके हैं जिससे 5 हजार का फायदा हुआ है। समूह में 10 सदस्य हैं। बिलासपुर के सी-मार्ट और आसपास के होटलों से 80 हजार का आर्डर मिला है।

मस्तूरी विधानसभा में दी विकास कार्यों की सौगात

  • ग्राम पंचायत सीपत एवं मस्तूरी को नगर पंचायत बनाया जाएगा।
  • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीपत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा।
  • ग्राम पंचायत पचपेड़ी में शासकीय महाविद्यालय खोला जाएगा।
  • खम्हरिया में पुलिस चौकी स्थापना को स्वीकृति दी जाएगी।
  • मस्तुरी में संचालित अनुसूचित जाति कन्या प्री मेट्रिक एवं पोस्ट मेट्रिक छात्रावास में 50-50 सीटों की वृद्धि की जायेगी।
  • ग्राम जयरामनगर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलेंगे।
  • ग्राम पंचायत कुकदा की मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में और धनिया और ग्राम महमंद की हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन किया जाएगा।
  • ग्राम पंचायत पेंड्री से खोरसी पहुंच मार्ग में पुल निर्माण सहित डामरीकरण करवाया जाएगा।
  • ग्राम सीपत में समेताभाठा से देवरहा मंदिर तक, सुखरीतालाब से सेमरिया बाबा आश्रम तक W.B.M. सड़क बनाएंगे।
  • सीपत के नवाडीह चौक से पुराना दर्राभाठा रोड का डामरीकरण करवाया जाएगा।
  • ग्राम दर्राभाठा में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जाएगा।
  • ग्राम जांजी में खाद्य भवन निर्माण करवाया जाएगा।
  • ग्राम बेलटुकरी में सीसी रोड एवं मिनी स्टेडियम निर्माण करवाया जाएगा।
  • ग्राम देवरी में नये पंचायत भवन का निर्माण करवाया जाएगा।
  • मस्तूरी मुख्यालय में विश्रामगृह का निर्माण करवाया जाएगा।
  • कुटेला धाम का पर्यटन स्थल के रूप में विकास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *