गुरुआस्था समाचार
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने जनसमस्या निवारण शिविर का लिया जायजा,हितग्राहियों को बांटे नवीनीकृत राशन कार्ड
बिलासपुर – उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरूण साव आज शहर के जोन क्रमांक 4 तारबहार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। उन्होंने करीब डेढ़ दर्जन महिलाओं को शिविर में नवीनीकृत राशन कार्ड वितरित किए। मंत्री ने शिविर में लगे सभी स्टॉलों का अवलोकन किया। प्रत्येक स्टाल पर मिल रही शिकायतों और उनके निराकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में पहुंचे आम जनता से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं पर चर्चा कर उनका निदान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। विधायक श्री सुशांत शुक्ला सहित कलेक्टर अवनीश शरण एवं निगम आयुक्त अमित कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि नगरीय निकायों में आयोजित शिविरों के जरिए तात्कालिक महत्व की समस्याओं को यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। जो समस्याएं बडी प्रकृति की हैं, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित की जा रही है। शिविर में मिले एक-एक आवेदनों का सार्थक निराकरण किया जायेगा। शिविर के जरिए हर वार्ड की समस्याएं सामने आ रही हैं। कार्य योजना बनाकर इन सबका निपटारा किया जायेगा। इसके लिए फण्ड की कमी आड़े नहीं आयेगी। उन्होंने कहा कि हमारा शहर स्वच्छ और खुशहाल बने, इसके लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। रोज सबेरे नगरीय निकाय के अधिकारियों के वार्ड भ्रमण से निर्माण कार्यों में तेजी आई हैं, अच्छी साफ-सफाई हो रही है। आप लोगों की मांग पर इस तरह के शिविर आयोजित किये जाने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। इसके अच्छे प्रतिसाद भी मिल रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की छठवीं किश्त की राशि जारी कर दी है। आप लोगों के खातों में 1 हजार रूपये पैसा पहुंच चुका है। सरकारी कर्मचारियों को तनख्वाह भी नहीं मिला है और आप लोगों को तत्परता से रकम मिल गया। रक्षाबंधन के त्योहार की खुशी अब दोगुनी हो गयी है। महतारी वंदन की राशि प्राप्त करने के लिए न तो ऑफिस का चक्कर लगाने की जरूरत है और न ही किसी के सिफारिश की। हर महीने के प्रथम सप्ताह में बिन मांगे राशि राज्य सरकार महिलाओं के खाते में जमा कर रही है।
नगर निगम के आयुक्त श्री अमित कुमार ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कलेक्टर के मार्गदर्शन में विगत 10 जुलाई से जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। अब तक कुल 70 वार्डों में से 41 वार्डों में शिविर लगाये जा चुके हैं।तारबहार जनसमस्या शिविर में आज कुल 213 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सफाई से संबंधित आवेदन 7, पेयजल से जुड़े 24, लाईट से संबंधित 20, सड़क नाली मरम्मत के 28, आवास शाखा से संबंधित 96, भवन निर्माण अनुमति एवं नवीनीकरण के 3, राशन कार्ड के31 और अन्य आवेदन पत्रों की संख्या 4 शामिल हैं।