केंद्र के पैसे से किसान हितैषी बन रही कांग्रेस : भाजपा किसान मोर्चा ने बिलासपुर में बोला हल्ला , पढ़ें पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

गुरुआस्था समाचार

केंद्र के पैसे से किसान हितैषी बन रही कांग्रेस : भाजपा किसान मोर्चा ने बिलासपुर में बोला हल्ला

बिलासपुर – भाजपा नेताओं ने  बिलासपुर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर हल्ला बोला। नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के पैसों से किसान हितैषी बनने का दावा कर रही है। वहीं, प्रदेश के किसान खाद को लेकर परेशान है, जिस पर उल्टा उन्हें अमानक खाद के नाम पर घटिया वर्मी कंपोस्ट लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और सरकार शांत बैठी है, जिससे किसानों के फसलों को नुकसान होने की आशंका है। इस दौरान नेहरू चौक में धरना-प्रदर्शन कर शाम को कलेक्ट्रेट का घेराव कर कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

दोपहर एक बजे से ही भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी नेहरू चौक में जुटने लगे थे। इस दौरान विकास भवन के पास एकत्रित होकर उन्होंने धरना प्रदर्शन किया। इसमें नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की गौठान में बनी अमानक खाद किसानों को जबरदस्ती बेचा जा रहा है। कई बार किसान इसकी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस अमानक खाद की वजह से किसानों के फसलों को नुकसान हो सकता है। बावजूद इसके सरकार के कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि किसानों का सुनने वाला नहीं है।

धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा नेता व कार्यकर्ता कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा मचाया। साथ ही किसानों को जबरदस्ती बेची जा रही अमानक खाद की बिक्री को बंद करने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, महिला आयोग पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, भाजपा जिला महामंत्री किसान मोर्चा जिला प्रभारी घनश्याम कौशिक, जिला महामंत्री मोहित जायसवाल सहित बिलासपुर जिला के भाजपा, मोर्चा, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *