भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ की कार्यशाला में हुए शामिल अरुण साव, बोले- नाकाम सरकार बदलने मीडिया की बड़ी भूमिका, पढ़ें पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

गुरुआस्था समाचार

भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ की कार्यशाला में हुए शामिल अरुण साव, बोले- नाकाम सरकार बदलने मीडिया की बड़ी भूमिका,

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव शनिवार को बिलासपुर जिले के दौरे पर रहे। यहां अरुण साव भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ की संभाग स्तरीय कार्यशाला में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी का काला अध्याय हो या राज्य में लोकतंत्र का गला घोंटने की, ऐसे समय में जनता को जागरूक करने में मीडिया की बड़ी भूमिका रही है। मीडिया का प्रभाव निरंतर बढ़ रहा है।

अरुण साव ने कहा कि जन-जन तक अपनी बात पहुंचाने, जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने और जनता को जागरूक करने में मीडिया सशक्त माध्यम रहा है और राज्य विधानसभा के चुनाव में हर मोर्च पर विफल कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने में भी उसकी बड़ी भूमिका होगी। शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, सुशांत शुक्ला, प्रणव शर्मा, राज यादव सहित संभाग के 25 विधानसभा क्षेत्रों से आए भाजपा के मीडिया, संयोजक, सहसंयोजकों ने हिस्सा लिया।

राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अरुण साव ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की हालत तो सुधार नहीं पा रही है, दूसरे राज्यों के मामलों में दखल देकर सियासी ड्रामा खेलने में मशगूल है। उन्होंने चुनौती दी कि ऐसा एक भी सकारात्मक काम प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने पूरे शासनकाल में नहीं किया, जिसे प्रदेश में विकास, बेहतर शिक्षा, शांति-व्यवस्था, सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य के मोर्चे पर वह गिना सके।

प्रदेश सरकार ने अपने पूरे शासनकाल में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों को अपने राजनीतिक दुराग्रह का शिकार बनाने का काम किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश भर में पिछले 5 वर्षों में कुल 39,267 बच्चों की मौत हो गई। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने विधानसभा में अपने लिखित उत्तर में यह स्वीकार किया है। प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और बच्चों की मौत पर भाजपा लगातार सवाल उठाती रही, लेकिन सरकार ने बच्चों की मौत के मामले को छिपाने का ही काम किया। यह मौतें स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार की लापरवाही का प्रमाण है।

चुनावी जंग के लिए मीडिया प्रकोष्ठ तैयार

कार्यशाला में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने जिला और विधानसभा मीडिया प्रभारियों को चुनावी टिप्स दिए। उन्हें डूज़ एंड डोंट्स बताए। भाजपा के प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी ने पार्टी गतिविधियों, कार्यक्रमों के प्रेस नोट की भाषा शैली सरल लेकिन सशक्त बनाने और संवेदनशील प्रभावी फोटोग्राफी करने पर बल दिया। दिल्ली से आए राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने भाजपा के मीडिया प्रकोष्ठ को चुनावी जंग के लिए तैयार करने कई सुझाव दिए।

विपक्ष ने ‘लूटो इंडिया’ बनाई

पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने विपक्ष के इंडिया नामक गठबंधन को लूटो इंडिया कह कर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अंग्रेजों ने ईस्ट इंडिया कंपनी बनाकर देश को लूटा, ठीक उसी अंदाज में भ्रष्टाचार और घोटाले में फंसे लोगों ने देश को लूटने के लिए लूटो इंडिया गठबंधन बनाया है। इसमें शामिल हर चेहरे को जनता भली भांति जानती, पहचानती है। उन्होंने टिप्पणी की कि कथित गठबंधन वास्तव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से घबराए और डरे हुए लोगों ने बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *