बिलासपुर में चाकूबाजी और गैंगवार का विरोध : भारतीय जनता युवा मोर्चा ने निकाली मशाल रैली, पढ़े पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

गुरुआस्था समाचार

बिलासपुर में चाकूबाजी और गैंगवार का विरोध : भारतीय जनता युवा मोर्चा ने निकाली मशाल रैली,

भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान पदाधिकारियों ने शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी, गैंगवार जैसी घटनाओं पर चिंता जताई।

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। वहीं, पुलिस उनके इशारों पर नाच रही है, जिसके कारण शहर में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद है और पुलिस दबाव में है।

गांधी चौक से शुरू हुई मशाल रैली सिटी कोतवाली चौक पहुंची। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेताओं ने कहा कि शहर में आए दिन चाकूबाजी और गैंगवार की घटनाएं हो रही है, जिसके कारण महिलाएं और छात्राएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने शहर में गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। कानून व्यवस्था बहाल नहीं होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।

हत्या के अपराधी को भी पकड़ने में पुलिस के कांप रहे हाथ

भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि हत्या जैसे संगीन जुर्म में शामिल कांग्रेस नेता पुलिस गिरफ्त से बाहर है। ऐसे असामाजिक तत्व के लोग शहर में खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें गिरफ्तार करने में पुलिस के हाथ कांप रहे हैं। इसी तरह मारपीट, गुंडागर्दी, चाकूबाजी और जमीन के विवादों में भी पुलिस संरक्षण में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। यह बस कुछ कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में चल रहा है।

शांति का टापू बन गया है अपराधगढ़

रैली शुरू होने के पहले भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने नगर में बढ़ते आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार के क्रियाकलापों पर आक्रोश व्यक्त किया। बिलासपुर शहर पहले शांति का टापू माना जाता था। चार साल पहले यहां कभी इतनी अधिक संख्या में आपराधिक घटनाएं नहीं हुई। यह पहली बार है जब रोजाना ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही है। शहर में शांत वातावरण को बिगाड़ने और नगर की छवि को धुमिल करने में आपराधिक तत्वों को कांग्रेस नेताओं की ओर से संरक्षण दिया जाना भी एक कारण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *