रेत माफिया के विरोध में बिलासपुर में भाजपा युवा मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला , पढ़ें पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

गुरुआस्था समाचार

रेत माफिया के विरोध में बिलासपुर में भाजपा युवा मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला ,

सूरजपुर जिले के भैयाथान के भाजपा युवा मंडल अध्यक्ष पर रेत माफिया के हमले के विरोध में बिलासपुर में भाजपा युवा मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। इस दौरान पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार को नींद से जगाने के लिए घंटी बजाई और जगह-जगह मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुतला दहन करते समय पुलिस से कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी भी हुई। युवा मोर्चा ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।

सूरजपुर जिले के भैयाथान के भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह पर रेत माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया था, जिससे अमन गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस हमले के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने बिलासपुर में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में माफियाओं की गुंडागर्दी चल रही है।

बिलासपुर में युवा मोचा के जिला और मंडल पदाधिकारी बुधवार दोपहर अलग-अलग जगहों में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके तहत पश्चिम मंडल ने सत्यम चौक, बेलतरा शहर मंडल ने कोनी स्थित आईटीआई गेट, सरकंडा के सीपत चौक में रैली लेकर पहुंचे। इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है तब से छत्तीसगढ़ में पूरी तरह से माफिया राज और गुंडा राज हावी हो गया है। कभी शांत प्रदेश के नाम से पहचाने जाने वाले इस प्रदेश में प्रतिदिन अपराधिक घटनाएं हो रही है।

पुतला दहन करने के बाद सौंपा ज्ञापन, CG बंद कराने दी चेतावनी

इस दौरान विरोध प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का पुतला दहन भी किया। हालांकि, कई जगह पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके चलते पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी भी हुई। पुतला दहन करने के बाद पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पुलिस अफसरों के माध्यम से गृहमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा है, जिसमें आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर छत्तीसगढ़ बंद कर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *