विवादित जमीन आवंटन पर भाजपा युवा मोर्चा का हंगामा, बंद कराया काम ,पढ़ें पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

गुरुआस्था समाचार

विवादित जमीन आवंटन पर भाजपा युवा मोर्चा का हंगामा, बंद कराया काम

बिलासपुर – नगर निगम बस स्टॉप को तोड़कर कॉम्प्लेक्स बनाने और कांग्रेस नेताओं को फायदा पहुंचाने का विवाद फिर से गरमा गया है। विरोध-प्रदर्शन के बावजूद शुक्रवार से कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है, जिस पर भाजपा युवा मोर्चा ने दोबारा प्रदर्शन करते हुए काम बंद करा दिया। उनका कहना था कि जब तक जमीन आवंटन में इस गड़बड़ी की जांच नहीं हो जाती, तब तक काम शुरू नहीं किया जाए।

सरकंडा के नूतन चौक में सिटी बस स्टॉप और ऑटो स्टैंड को हटाकर कांग्रेसी नेताओं को फायदा पहुंचाने के लिए जमीन आवंटन कर दिया गया है, जिस पर कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। जनहित में बनाए गए बस स्टॉप को हटाने का विरोध करते हुए भाजपा युवा मोर्चा ने बीते दिनों धरना-प्रदर्शन कर कलेक्टर से शिकायत की थी, जिस पर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया गया था।

विरोध- प्रदर्शन के बाद बंद कर दिया था काम

भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों भाजपा के धरना प्रदर्शन और कलेक्टर से शिकायत के बाद निर्माण कार्य को रोक दिया गया था। लेकिन, शुक्रवार से कॉम्प्लेक्स के निर्माण का काम फिर से शुरू कर दिया गया है।

युवा मोर्चा ने बोला हल्ला, बंद कराया काम

बिना जांच के कॉम्प्लेक्स निर्माण का काम शुरू करने की जानकारी मिलते ही भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शनिवार को फिर से नूतन चौक पहुंच गए। इस दौरान नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा मचाया और हल्ला बोलते हुए काम बंद करा दिया। विरोध व हंगामे को देखते हुए मजदूरों ने काम बंद कर दिया है।

पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक इस विवादित जमीन की जांच न हो जाए, तब तक निर्माण कार्य शुरू होने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष चंदू मिश्रा, पार्षद श्याम साहू, पार्षद पुष्पा तिवारी, महामंत्री डीके साहू, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष महर्षि बाजपेयी, नवीन रजक, मनीष कौशिक, संस्कार सोनी, अशोक राजपूत, विकास यादव, तुषार साव, विवेक शास्त्री, अनीश तिवारी, विकास जाधव, देवर्षि बाजपेयी, आयुष दुबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *