30 सितंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी:साइंस कॉलेज मैदान में तैयार हो रहा विशाल डोम, पढ़ें पूरी खबर – गुरुआस्था समाचार

 गुरुआस्था समाचार

30 सितंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी:साइंस कॉलेज मैदान में तैयार हो रहा विशाल डोम,  

छत्तीसगढ़ में चल रही भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन और पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जोश भरने के लिए 30 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के दौरे पर रहेंगे।साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाली सभा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

बुधवार को एसपीजी की टीम ने साइंस कॉलेज मैदान में बन रहे पंडाल और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से मंच की व्यवस्था में कुछ सुधार करने को कहा। एसपीजी के आईजी और एआईजी रैंक के दो अधिकारियों ने कलेक्टोरेट स्थित मंथन सभाकक्ष में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों समेत पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत के साथ चर्चा की।

बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, मंच व्यवस्था, हेलिपैड और पंडाल की क्षमता, क्षेत्रफल की जानकारी ली गई। सूत्रों के मुताबिक, हेलिपैड से मंच तक वीआईपी को पहुंचाने के लिए बुलेट प्रूफ कार गुजरात से 29 सितंबर को यहां पहुंचेगी।

2 लाख वर्गफुट का पंडाल बन रहा

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और साइंस कॉलेज मैदान की सभा के सह संयोजक भूपेंद्र सवन्नी ने  बताया कि प्रदेश में चल रही भाजपा की परिवर्तन यात्रा का समापन 30 सितंबर को होगा। जशपुर से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के नेतृत्व में 15 सितंबर और 12 सितंबर को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के नेतृत्व में दंतेवाड़ा से शुरू हुई। भाजपा की दोनों परिवर्तन यात्रा का समापन बिलासपुर में होगा।

इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने साइंस कॉलेज मैदान में 2 लाख वर्गफुट में पंडाल बनाया जा रहा है। मंच के अलावा 332 बाई 700 वर्ग फुट का डोम तैयार कराया जा रहा है। भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में नारी वंदन महिला आरक्षण बिल पास कराया, देशवासियों के कल्याण के लिए विश्वकर्मा योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना जैसी कई कल्याणकारी योजनाएं चलाईं, इसके लिए जनता और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताएंगे।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम की तुलना में बिलासपुर में दोगुनी भीड़ होगी। जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने दावा किया कि परिवर्तन यात्रा के समापन कार्यक्रम में एक लाख लोगों के शामिल होने का लक्ष्य है। इसमें 22 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आमजन शामिल होंगे। मंच पर प्रदेश के प्रमुख नेताओं के साथ केंद्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *